ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर पहुंचे थे नगर परिषद के कर्मचारी, खंभों से हटाकर कब्जे में लिए
बरनाला, हिसार व डबवाली रोड पर चला विशेष अभियान
तेज आंधी में गिरकर दुर्घटना का बन सकते थे कारण
फोटो
31 व 32
संवाद न्यूज एजेेंसी
सिरसा। शहर में अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड, होर्डिंग्स व बैनरों पर एक्शन लेते हुए नगर परिषद ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। इसके तहत नगर परिषद की टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर पहुंची और बिना अनुमति के लगाए गए सभी बोर्ड, होर्डिंग और बैनरों को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। यह अभियान बरनाला रोड, हिसार रोड व डबवाली रोड चलाया गया।
सुबह 10 बजे नगर परिषद के कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बरनाला रोड पहुंचे। इसके बाद कर्मचारियों ने नेशनल कॉलेज से लेकर जेल तक डिवाइडर पर लगे खंभों व सड़क किनारे लगे बोर्ड, होर्डिंग व बैनरों को हटाकर कब्जे में लेना शुरू कर दिया। नगर परिषद की उक्त कार्रवाई का किसी ने भी विरोध नहीं किया क्योंकि ये बिना अनुमति के लगाए गए थे।
नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप ने बताया कि शहर में बिना अनुमति के बोर्ड और बैनर लगाना नियमों का उल्लंघन है। इसके चलते न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है बल्कि यह लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है क्योंकि तेज आंधी के दौरान ये बोर्ड गिरकर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चेयरमैन ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति या दुकानदार बिना अनुमति के बोर्ड या बैनर लगाता पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। नगर परिषद चेयरमैन का कहना है कि शहर को साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का विज्ञापन सामग्री सार्वजनिक स्थानों पर न लगाएं।
कोट्स
शहर की सड़कों के किनारे व डिवाइडर पर लगे खंभों पर लोगों ने बिना अनुमति के बोर्ड, होर्डिंग्स व बैनर लगाए हुए थे। नगर परिषद ने इन्हें हटाने के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
-वीर शांति स्वरूप, चेयरमैन नगर परिषद सिरसा।