डबवाली।पुलिस के साथ क्रिकेट खेलने के दौरान मौजूद युवा व पुलिस कर्मी। पुलिस
डबवाली। पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में एसपीओ संजय की ओर से गांव रामपुरा बिश्नोइयां, एसपीओ हरगोबिंद ने गांव घुकांवाली, एसपीओ राजेंद्र की ओर से गांव केवल, एसपीओ रणजीत ने गांव डबवाली और थाना कालांवाली पुलिस टीम ने गांव कालांवाली में क्रिकेट, वाॅलीबाल व अन्य विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया।
इस दौरान युवाओं को नशे जैसी बीमारी से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई गई। पुलिस टीमों ने आमजन से अपील की कि वे नशे के विरुद्ध डबवाली पुलिस की इस मुहिम में मिल जुलकर सहयोग करें। आम नागरिक नशा पीड़ितों की समय रहते सूचना देकर उनके इलाज की प्रक्रिया शुरू करवा सकते है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में लौटकर नशा मुक्त अभियान में अपनी सहभागिता निभा सकें और दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा अनेक बीमारियों एवं अपराधों को जन्म देता है, इसलिए युवाओं के लिए इसके दुष्प्रभावों को समझना और इससे दूर रहना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही इस संदेश को परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया। युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि वे आगे चलकर देश का नाम रोशन करें और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनें।
-
नशा मुक्ति टीम प्रभारी को सूचना दें
डबवाली पुलिस ने अपील की है कि यदि उनके गांव, शहर या आस पास कहीं नशा तस्करी, नशे की बिक्री या इससे संबंधित कोई गतिविधि हो तो राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचना दें। यह 24x7 उपलब्ध एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से ड्रग तस्करी, अवैध बिक्री/खरीद, भंडारण, निर्माण तथा मादक पदार्थों की अवैध खेती से संबंधित मामलों की रिपोर्ट की जा सकती है। प्राप्त सूचना की एनसीबी अधिकारियों द्वारा तुरंत समीक्षा की जाती है । इसके अतिरिक्त नागरिक अपने नजदीकी थाना/चौकी अथवा डबवाली पुलिस मोबाइल नंबर 9138999745 पर भी नशा तस्करी से संबंधित जानकारी दे सकते हैं । यदि परिवार या आसपास कोई व्यक्ति नशे की चपेट में है तो नशा मुक्ति टीम प्रभारी के मोबाइल नंबर 9138999731 पर सूचना देना सुनिश्चित करें।