-रेलवे स्टेशन पर यात्री के बैग में मिला था एक किलो 117 ग्राम सोना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रेलवे स्टेशन पर एक यात्री से बरामद एक किलो 117 ग्राम सोने के मामले में मंगलवार को भी आयकर विभाग की टीम जांच करने जीआरपी थाना नहीं पहुंची। सोमवार को कार्यवाहक थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर छिंद्रपाल ने आयकर विभाग को ई-मेल भेजकर जांच टीम भेजने का अनुरोध किया था। वहीं, जीआरपी एसपी से लेकर थाने का स्टाफ इस मामले को लेकर कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
राजकीय रेलवे पुलिस शनिवार को रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थी। दोपहर को दिल्ली से चलकर बठिंडा जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो पुलिस प्लेटफार्म पर यात्रियों के सामान की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इसी दौरान यात्री मोहन लाल के बैग में एक किलो 117 ग्राम सोने के 57 बिस्कुट मिले। वह सोने का कोई वैध बिल या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सोने को जब्त कर लिया और मोहन लाल को जमानत पर छोड़ दिया।