सिरसा। गांव झोरड़रोही में निर्मित आईपीबी गली का उद्घाटन करते विधायक शीशपाल केहरवाला। प्रवक्ता
कालांवाली। हरियाणा ग्रामीण विकास योजना के तहत गांव झोरड़रोही में 32.58 लाख रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित आईपीबी (इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक) गली का कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला ने उद्घाटन किया। गली के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ गांव की संपर्क व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
गांव में आईपीबी गली का निर्माण दो हिस्सों में करवाया गया है। इसके तहत मंगल सिंह के घर से मनजीत सिंह पुत्र गुरतेज सिंह के घर तक तथा पाल सिंह के घर से सिकंदर सिंह पुत्र गुरजंट सिंह के घर तक गली बनाई गई है। इस परियोजना पर अनुमानित 32.58 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
उद्घाटन समारोह में गांव की सरपंच कुलविंद्र कौर, भगवंत सिंह गिल सहित पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने विकास कार्य पर खुशी जाहिर की।
पक्की गलियां ग्रामीण जीवन की जरूरत
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पक्की गलियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है। घरों तक पहुंचने वाले रास्तों का पक्का होना ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरत है। इससे आवागमन सुगम होता है और गांवों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी सुविधाओं से गांवों में साफ-सफाई बनाए रखने में भी मदद मिलती है। ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों के माध्यम से गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। ऐसे निर्माण कार्यों का सीधा लाभ ग्रामीणों को मिलता है और उनका दैनिक जीवन अधिक सुविधाजनक बनता है।