संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। बिजली निगम के जेई के साथ मारपीट करने मामले को लेकर पुलिस ने दो नामजद व 12 अन्य के खिलाफ मारपीट करने, जाति सूचक शब्द बोलने व सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य धारा लगाकर मामला दर्ज किया है। वहीं बिजली निगम कर्मचारी यूनियनों ने भी सोमवार तक प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि अगर सोमवार तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती तो वह काम छोड़ धरना प्रदर्शन करने व रोड जाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बता दे कि शनिवार को शहर के बिजली निगम में जेई और शहर के कारोबारी के बीच फैक्टरी के बिजली कनेक्शन में देरी होने को लेकर झगड़ा हो गया। इसमें जेई को चोटें भी लगीं। जेई का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल बिजली निगम के जेई कश्मीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रोहिड़ावाली में लगने जा रही फैक्टरी में बिजली के कनेक्शन के लिए योगेश बांसल व संदीप कुमार ने फाइल अप्लाई की थी। उन्होंने फाइल पर अपनी कार्रवाई करके उच्च अधिकारियों को भेज दी थी। वहां पर किसी कारण फाइल में देरी हो रही है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया की वह बिजली निगम में कंट्रोल रूम के सामने काम कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर के समय दोनों अपनी बिजली कनेक्शन की फाइल लेकर अपने साथियों सहित आए और देरी करने के आरोप लगाते हुए जाति सूचक गालियां देने लगे और मारपीट करने लगे। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी मुख्य अधिकारियों व पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निगम के अन्य कर्मचारी हुए एकजुट
जेई के साथ मारपीट होने के बाद निगम के अन्य कर्मचारी भी एकजुट हो गए हैं। अनुबंधित कर्मचारी संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीवन ने कहा कि अगर सोमवार तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वह काम छोड़कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने सोमवार को सभी यूनियनों के सदस्यों की बैठक भी बुलाई है। इसमें आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। जेई के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, एचएसवीई वर्कर यूनियन, डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन और विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
वर्जन
बिजली निगम जेई के साथ मारपीट करने मामले की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -रामफल, थाना प्रभारी, कालांवाली।