संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा में शादीशुदा सिरसा की लड़की को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला थाना पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने पहले नौहझील थाना जिला मथुरा में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
गांव नागोकी निवासी कीर्ति पुत्री रेवती लाल की शादी 30 जून 2020 को देवेश पाठक निवासी मोहल्ला बृज नगर बाजना, जिला मथुरा के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद देवेश पाठक ने कीर्ति को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कीर्ति को लगा कि समय बीतने के साथ सब ठीक हो जाएगा, लेकिन पति उसे प्रताड़ित करता रहा। वर्ष 2021 में कीर्ति ने पुत्र को जन्म दिया और 2023 में बेटी को। इसके बाद भी देवेश पाठक में कोई सुधार नहीं आया। कीर्ति ने स्पष्ट रुपये से दहेज न लाने की बात कही तो देवेश पाठक ने 5 सितंबर 2024 को उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। इसके बाद कीर्ति अपने दोनों बच्चों संग अपने मायके आ गई।
पत्नी और बच्चों को दी मारने की धमकी
पीड़ित विवाहिता कीर्ति का कहना है कि उसका पति आइक या कार व 50 हजार रुपये अपने मां-बाप से लाने की मांग कर रहा है। उसने धमकी दी है कि अगर मांग पूरी न की तो वह उसे अपने घर में घुसने नहीं देगा और जबरन घुसने की कोशिश की तो उसे व उसके बच्चों को मार देगा। महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर घनश्याम देवी का कहना है कि आरोपी पति देवेश पाठक के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 498ए व 506 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी पति को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।