कस्बे में रेलवे स्टेशन के निकट स्थित एक कंप्यूटर की दुकान का ताला तोड़कर चोर 32400 रुपये की नकदी, 27 स्मार्ट फोन, चेक बुक, एटीएम और पर्स ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच रुपये बताई जा रही है। दूसरी ओर लोगाें ने इस घटना के विरोध में यातायात जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही जाम खोल दिया गया। उधर, डिंग थाना प्रभारी ट्रेनी आईपीएस नरेंद्र सिंह बिजराणिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।
रेलवे स्टेशन के निकट स्थित कंप्यूटर शॉप के मालिक सुनील कुमार ने बताया कि वीरवार सुबह साढ़े पांच बजे कस्बे के एक दुकानदार ने उसकी दुकान का शटर टूटा होने की सूचना मोबाइल पर दी। जब उसने मौके पर जाकर देखा तो शटर टूटा हुआ था और दुकान में सारा सामान इधर-उधर फैला हुआ था। उसने दुकान में चोरी होने की सूचना तुरंत डिंग थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस काफी देर तक नहीं पहुंची। ऐसे में दुकानदारों ने यातायात जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकानदारों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद दुकानदारों ने जाम हटा दिया। पीड़ित दुकानदार सुनील कुमार ने बताया कि उसने जब पुलिस की मौजूदगी में दुकान में जाकर देखा तोे 32400 रुपये की नकदी, 27 स्मार्ट फोन, चेक बुक, एटीएम व पर्स चोरी हो चुके थे। सुनील कुमार ने बताया कि पर्स में जरूरी कागजात थे। दुकान मालिक ने बताया कि चोर करीब पांच लाख रुपये सामान और नकदी चुरा ले गए। चोरों ने दुकान से चोरी किया हुआ गल्ला और अन्य सामान दुकान के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। डिंग थाना प्रभारी ट्रेनी आईपीएस नरेंद्र सिंह बिजराणिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।