रानियां। आमजन की सुविधाओं के लिए नगर पालिका रानियां द्वारा 7-8 महीने पहले खरीदे गए सीमेंट के बैंच 185 बैंच सार्वजनिक स्थलों पर न लगाकर निजी स्थलों पर लगाने का मामला सामने आया है। जनसुविधाओं के लिए 185 बैंच खरीदे गए जो शहर के 15 वार्ड पार्षदों को 10-10 बैंच अपने अपने वार्ड में बनी सार्वजनिक जगहों पर लगाने के लिए दिए गए।
जबकि कुछ पार्षदों ने इन बैंचों को सार्वजनिक स्थलों पर लगाने के बजाए निजी जगहों पर स्थापित कर दिए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार ये सभी बैंच बस स्टैंड, बैंकों के पास, शहर के गुरुद्वारों, मंदिर, धर्मशाला व शहर के चारों ओर रोड पर बने अस्थायी बस अड्डों, पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाने के लिए खरीदे गए थे। लेकिन कुछ पार्षदों ने इन्हें निजी स्थलों पर लगा दिया। इतना ही नहीं, कुछ बैंचों को तो शहर की मुख्य गलियों, चौराहों व सड़कों पर लगाए गए हैं। जो यातायात को प्रभावित तथा अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं।