केंद्रीय सरकार की ओर से सोने व हीरे के जेवरातों पर एक्साइज ड्यूटी लगाने तथा पैन कार्ड अनिवार्यता के विरोध में स्वर्णकारों की 17वें दिन अनिश्चितकालीन हड़ताल 15वें दिन धरना और तीसरे दिन सोमवार को क्रमिक भूख हड़ताल घंटाघर चौक पर जारी रही। सभी स्वर्णकारों से आह्वान किया कि इस बार होली का पर्व विरोध स्वरूप काली होली के रूप में मनाएं।
इस मौके पर स्वर्णकारों ने एक स्वर में कहा कि वे तब तक दुकानें नहीं खोलेंगे जब तक केंद्र सरकार स्वर्ण आभूषणों पर लगाई एक्साइज ड्यूटी को वापस नहीं ले लेती। तीसरे दिन की क्रमिक भूख हड़ताल पर नरेश सोनी, सुरेश कुलथिया, अश्विनी सोनी, शंकर मराठा, सुभाष औजार वाला व रोहन सोनी बैठे। इस मौके पर स्वर्णकार संघ के प्रधान राजकुमार सोनी ने कहा कि ज्वैलरी उद्योग से जुड़े ज्यादातर छोटे कारीगर और व्यापारी घरों में काम करते हैं। इस उद्योग का कुछ ही माल फैक्ट्रियों में बनता है, जो बाद में मीनाकारी, पॉलिश के लिए छोटे सुनारों के हाथों से गुजरता है। इस स्थिति में एक्साइज ड्यूटी के नियम का पालन करना संभव नहीं है और सरकार को भी चाहिए कि स्वर्णकारों पर थोपे जा रहे इस काले कानून को तुरंत प्रभाव से वापस लें।
स्वर्णकार संघ की कमेटी का विस्तार
राजकुमार सोनी ने कहा कि अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ सिरसा की कमेटी का विस्तार किया गया, जिसमें रोहन सोनी को प्रैस प्रवक्ता, अंकुर सोनी को संगठन सचिव, चंद्रशेखर सोनी (चांद), कपिल सोनी, कस्तूर सोनी, पवन शेरपुरा को उप प्रधान, सुरेश सोनी, संजय सोनी, विरेंद्र सोनी, कमल सोनी को सचिव, किशोर सोनी को प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजकुमार सोनी ने स्वर्णकारों से आह्वान किया कि इस बार होली का पर्व विरोध स्वरूप काली होली के रूप में मनाएं।
जिला स्तरीय रोष मार्च आज
स्वर्णकार संघ के महासचिव चंद्रशेखर सोनी व वरिष्ठ उप प्रधान सज्जन सोनी ने बताया कि 22 मार्च को सुबह 10.30 बजे कालांवाली में रोष मार्च निकालकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने जिला व तहसील के स्वर्णकारों से इस रोष मार्च में शामिल होने का आह्वान किया है।