- कालांवाली क्षेत्र में सीआईए डबवाली की कार्रवाई, 270.55 ग्राम चिट्टा बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। सीआईए स्टाफ डबवाली ने कालांवाली थाना क्षेत्र से एक स्कूटी सवार युवक हरमीत सिंह को 270 ग्राम 550 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
डीएसपी कालांवाली ललित कुमार ने बताया कि 2 अगस्त को सीआईए प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और अपराध रोकथाम के दौरान मंडी कालांवाली में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक स्कूटी पर बड़ी मात्रा में हेरोइन लेकर ओढ़ां-कैंचियां मार्ग पर खड़ा है।
पुलिस ने तुरंत घेरेबंदी कर आरोपी हरमीत सिंह को स्कूटी सहित काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 270 ग्राम 550 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन और स्कूटी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना कालांवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि हेरोइन कहां से लाई गई, किसे सप्लाई की जानी थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्कर कौन हैं। पुलिस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए पूछताछ कर रही है।