अदालत ने भेजा 2 दिन के रिमांड पर, पंजाब के लोहगढ़ से लेकर आया था, सिरसा में करनी थी सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सीआईए सिरसा पुलिस ने चक साहिबा क्षेत्र से एक युवक को 266 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख रुपये है। आरोपी हरजिंदर सिंह उर्फ राजू मूलरूप से गांव बिठीवाला, जिला मुक्तसर पंजाब व वर्तमान में चक साहिबा सिरसा का रहने वाला है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस की टीम मंगलवार को गांव चक साहिबा में मौजूद थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पैदल आते दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देखते ही युवक भागने लगा, पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 266 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि यह हेरोइन पंजाब के लोहगढ़ क्षेत्र से लाया था और इसे सिरसा व आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की योजना थी। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आरोपी हरजिंदर के खिलाफ थाना सदर सिरसा में मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को बुधवार दोपहर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड में भेज दिया है।
पहले से दर्ज हैं तस्करी के दो मामले
जांच अधिकारी संदीप ढाका ने बताया कि आरोपी हरजिंदर पर मादक पदार्थ तस्करी के पहले से ही दो मामले दर्ज है। एक मामला सिरसा व दूसरा पंजाब में दर्ज है। वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था
आरोपी चक साहिबा में एक महिला के पास पिछले छह साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। उक्त महिला वर्तमान में मादक पदार्थ तस्करी के मामले में सिरसा जेल में है।