कोरोना संक्रमण के बढ़ते आंकड़ों और दूसरे राज्यों में लॉकडाउन लगने के चलते अब रोडवेज की ओर से दिल्ली रूट की सुविधा बंद कर दी गई है। जबकि राजस्थान के लिए चलने वाली बसों के फेरे भी कम किए गए हैं। वहीं, विश्वविद्यालय कॉलेज और स्कूल बंद होने के कारण अब यात्रियों की संख्या भी पहले से 30 फीसदी कम हो गई है। इसके चलते रोडवेज की ओर से विभिन्न रूटों के 50 फेरे घटाए गए हैं।
सिरसा से दिल्ली के लिए रोजाना 15 स्पेशल बसों की सुविधा शुरू की गई थी। इन बसों को सिरसा से दिल्ली पहुंचाया जाता था, लेकिन दिल्ली में अब लॉकडाउन लगने के कारण बसों को बंद कर दिया गया है। राजस्थान के जयपुर, पोकरण, गंगानगर, नोहर और भादरा में भी बसों की सर्विस कम कर दी गई है। जबकि कॉलेज और स्कूल के विद्यार्थियों के लिए लगाई गई बसों का संचालन बंद किया गया है। हर रोज सिरसा की बसों में 30 हजार से अधिक यात्री सवार होते थे लेकिन अब इनकी संख्या भी कम हो गई है। बस स्टैंड पर कम यात्री ही पहुंचते हुए दिखाई दे रहे हैं।
रोडवेज मुख्यालय की ओर से सभी बसों में सीट अनुसार 50 फीसदी यात्री संख्या करने का नियम अपनाने का पत्र जारी किया गया है। ऐसे में अब बसों में भी कम सवारियों को सवार किया जा रहा है। सिरसा जिले में कुल 167 बसें है इन बसों का 150 से अधिक रूटों पर संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या कम होने के कारण अब 50 से अधिक फेरे रोडवेज की ओर से कम कर दिए गए है।
सवारियां मिली तो बहादुरगढ़ तक भेजी जाएगी बस
दिल्ली में लॉकडाउन लगने के कारण रोडवेज ने दिल्ली की स्पेशल बसों को बंद कर दिया है। ऐसे में रोडवेज को यात्री मिलते है तो बसों का संचालन बहादुरगढ़ तक किया जाएगा। राजस्थान के रूटों पर भी फेरे कम कर दिए हैं। - राकेश कुमार, यातायात प्रबंधक, डिपो सिरसा।