सिरसा। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर में संक्रमित पाए अधिक मरीज अब होम आइसोलेट किए जा रहे है। मरीज जल्दी से स्वस्थ हो इसके लिए विभाग की ओर से भी उन मरीजों तक होम आइसोलेशन किट पहुंचाई जा रही है। तीसरी लहर के दौरान विभाग की ओर से अब तक 1600 होम आइसोलेशन किट का वितरण किया गया है। इन किट में मरीजों को दवाई और स्वास्थ्य जांचने के उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तीन हजार होम असाइसोलेशन किट की डिमांड भी मुख्यालय को भेजी गई है। हालांकि अभी विभाग के पास करीब 1400 होम आइसोलेशन किट उपलब्ध हैं। जिन्हें सीएचसी, पीएचसी, यूपीएचसी केंद्रों पर पहुंचाकर कर्मचारियों के माध्यम से मरीज तक पहुंचाई जाती है। एक ही घर में दो या इससे अधिक मरीज कोरोना संक्रमित पाए जाते हैं तो उनको अलग से दवाई उपलब्ध करवाई जाती है जबकि स्वास्थ्य जांचने के उपकरण की एक ही किट दी जा रही है। शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। इनमें से सबसे अधिक किट का वितरण भी शहर में ही किया गया है। विभाग की ओर से अब तीन हजार होम आइसोलेशन किट की डिमांड मुख्यालय को भेजी है। ताकि संक्रमित मिलने वाले मरीजों को किट उपलब्ध करवाई जा सके।
सीएचसी पर 220 और यूपीएचसी पर 200 किट करवाई गई है उपलब्ध
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के एक-एक सीएचसी केंद्र पर 220 होम आइसोलेशन किट उपलब्ध करवाई गई है। जबकि जिले में कुल 8 सीएचसी केंद्र है। वहीं यूपीएचसी केंद्रों पर 200 किट उपलब्ध करवाई गई हैं। जिले में कुल पांच यूपीएचसी केंद्र है। फ्लू ओपीडी में 50 और सेक्टर में स्थित डिस्पेंसरी में 200 किट उपलब्ध करवाई गई हैं। वहीं खैरपुर यूपीएचसी में 100 अतिरिक्त होम आइसोलेशन किट पहुंचाई गई है। इन किट का वितरण कर्मचारी घर-घर जाकर मरीजों को उपलब्ध करवा रहे हैं।
किट में यह सामान करवाया जाता है उपलब्ध
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही किट में प्लस ऑक्सीमीटर, स्टीयर, डिजिटल थर्मामीटर व दवाईयां उपलब्ध करवाई जाती हैं। विभाग की ओर से अनु तेल, आयुष क्वात, गिलोय वटी उपलब्ध करवाई जाती है। एक ही परिवार में अगर एक से अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए जाते है तो उन्हें दवाईयां अलग से उपलब्ध करवाई जाती है जबकि स्वास्थ्य जांच के उपकरण वहीं उपलब्ध होते हैं।
शुक्रवार को एक मरीज की कोरोना से मौत, 85 मिले संक्रमित
शुक्रवार को रानियां रोड निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना के कारण मौत हो गई। मरीज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल था। जबकि 85 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिले में अब 713 सक्रिय केस हैं। इनमें से 590 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। वहीं जिले में अब 34 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है। शुक्रवार को 189 मरीज स्वस्थ हुए है। जिले में अब तक 516 मरीजों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को 965 लोगों के सैंपल लिए गए थे। जिले में अब 828 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है। जिले का रिकवरी रेट अब 96.18 फीसदी है। शुक्रवार को शहर में 47, डबवाली में 5, ऐलनाबाद में 3, कालांवाली में 3, ओढां में 3, नाथूसरी चोपटा में 4, माधोसिंघाना में 7, चौटाला में 5, बड़ागुढ़ा में 3 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
होम आइसोलेट मरीजों को अब तक 1600 किट वितरित की जा चुकी है। मरीजों को दवाईयां और स्वास्थ्य जांचने के उपकरण भी इसमें उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर किट पहुंचाने के बाद कर्मचारियों के माध्यम से उन्हें मरीजों को वितरित किया जाता है। मुख्यालय से अब तीन हजार होम आइसोलेशन किट की डिमांड की गई है।
-डॉ. बुधराम, उप सिविल सर्जन, सिरसा
मरीज को होम आइसोलेशन किट वितरित करते स्वास्थ्य कर्मी।- फोटो : Sirsa