छात्रा को सम्मानित करते जत्थेदार जगदीश सिंह झिंडा व अन्य।
कालांवाली। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी शैक्षिक सुधारों के लिए नए कदम उठा रही है। हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार जगदीश सिंह झिंडा ने मंगलवार को गांव तिलोकेवाला में स्थित संत मोहन सिंह मतवाला पब्लिक स्कूल में गुरमत शिविर के विजेता बच्चों के पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।
जत्थेदार झींडा ने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने गांव तिलोकेवाला में संत बाबा मोहन सिंह मतवाला पब्लिक स्कूल का निर्माण तो करवाया, लेकिन बाद में इसका रखरखाव सही तरीके से नहीं किया। इस कारण कुछ वर्षों तक तो स्कूल बहुत अच्छे से चला। अब स्कूल ठीक से नहीं चल रहा है। स्कूल के वित्तीय घाटे के साथ-साथ भवन का भी रख-रखाव ठीक से नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि अब हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी इस स्कूल को सही ढंग से चलाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल में पंजाबी भाषा के विकास के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे और बच्चों को पंजाबी भाषा में पारंगत करने का भी प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर बाबा गुरमीत सिंह तिलोकेवाला और जिला सिरसा के कमेटी सदस्यों ने इस स्कूल को प्लस टू तक अपग्रेड करने की मांग की है।
इस पर जत्थेदार झींडा ने स्कूल में एक प्रस्ताव पारित कर उसे मुख्यालय भेजने को कहा। इस अवसर पर जत्थेदार झींडा ने गुरमत शिविर में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष संत बाबा गुरमीत सिंह तिलोकेवाला, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य बिंदर सिंह खालसा, कुलदीप सिंह फग्गू, अमृतपाल सिंह, गुरमेज सिंह सिरसा और भाई कुलदीप सिंह जोगेवाला के अलावा मा. सुखदर्शन सिंह, गुरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।