सिरसा। 80 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांव रजावल इगलास जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी विनोद कुमार को मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस इस मामले में आरोपी सुरेश व वीरेंद्र निवासी राजस्थान को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले के अनुसार, 26 नवंबर 2024 को सिरसा निवासी रुपेश ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने इंस्टाग्राम पर मनी ट्रांसफर पोर्टल के नाम से एक विज्ञापन देखा था। इसमें सीएससी की आईडी उपलब्ध थी और उसे एक फॉर्म भरने के लिए कहा गया था और उसने फॉर्म भर दिया।
19 नवंबर 2024 को उसके मोबाइल पर एक नंबर से एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह स्पेस मनी कंपनी से बोल रहा है और आपका यूजर नेम और पासवर्ड तैयार है। कॉल करने वाले ने उसे कुछ पैसे भेजने के लिए कहा। इसके बाद उसने 60 हजार रुपये भेजे। 21 नवंबर 2024 को उसने 20 हजार रुपये भेज दिए।
बाद में उसे अहसास हुआ कि उसके साथ साइबर ठगी हुई है। जांच अधिकारी सोमवीर ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विनोद कुमार को यूपी से गिरफ्तार कर लिया है।