राजस्थान के उदयपुर से शुरू हुई धार्मिक यात्रा बुधवार को सिरसा पहुंची
फोटो 2
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजस्थान के उदयपुर से शुरू हुई ऐतिहासिक और भव्य धार्मिक यात्रा बुधवार को श्री तारा बाबा कुटिया पहुंची। उदयपुर के बन हनुमान जी की 84 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा के लिए विशेष रूप से निर्मित 21 फीट लंबी अष्टधातु की गदा बनाई गई है।
तारा बाबा कुटिया पहुंचने पर मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने विधि-विधान के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर गदा का पूजन किया गया। गोबिंद कांडा ने कहा कि विशाल गदा न केवल अपने आकार बल्कि अपनी बनावट के कारण भी आकर्षण का केंद्र है।
अष्टधातु से निर्मित यह गदा अत्यंत भव्य और कलात्मक है। इसे उदयपुर में स्थापित होने वाली हनुमान जी की 84 फीट ऊंची प्रतिमा पर सुशोभित किया जाना है। हनुमान धाम कंचन सेवा संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस गदा को देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण करवाया जा रहा है ताकि राष्ट्र में हनुमान जी की भक्ति और शक्ति का संचार हो सके।
यह पावन यात्रा 4 नवंबर 2023 से निरंतर जारी है। आयोजकों ने संकल्प लिया है कि यह दिव्य गदा अगले 9 वर्षों तक भारत के कोने-कोने में जाएगी। कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक और कच्छ से लेकर कामरूप तक, देश के हर प्रमुख मंदिर और तीर्थ स्थल पर इस गदा को ले जाया जाएगा। लगभग एक दशक तक पूरे भारत का भ्रमण करने के पश्चात यह पवित्र गदा पुनः उदयपुर लौटेगी। जहां इसे भव्य प्रतिमा पर स्थापित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने आयोजकों का सम्मान किया। इस मौके पर अग्रवाल सभा के प्रधान संजय गोयल, अमित सिंगला, बबलू, अनिल सर्राफ, भीम सिंगला आदि मौजूद थे।