कालांवाली। रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम को एक बुजुर्ग महिला छिंद्र कौर निवासी बठिंडा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय यह हादसा हुआ। हादसे में महिला के एक हाथ की उंगलियां वाला हिस्सा कट गया और सिर पर भी चोट आई। खून से लथपथ महिला को सहारा सरबत ट्रस्ट की एंबुलेंस की सहायता से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालांवाली में पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर सिरसा रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार करीब 55 वर्षीय बुजुर्ग महिला छिंद्र कौर की बेटी कालांवाली में शादीशुदा है। वह अपनी नातिन का रिश्ता होने पर ससुराल पक्ष के द्वारा सिरसा में रखे रिंग सेरेमनी समारोह में शिरकत करके बठिंडा लौट रही थी। वह अपने परिजनों के साथ ट्रेन में सवार हो गई। जब कालांवाली स्टेशन आया तो वह ट्रेन से उतरने लगी। तभी ट्रेन चल पड़ी और वह नीचे गिर गई। उसका हाथ पहिये के नीचे आ गया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई।
हादसे के बाद बेसुध हुआ महिला का भाई
महिला छिंद्र कौर के हादसे का पता चलते ही साथा आया भाई बेसुध हो गया। तब उसके परिवार के सदस्यों ने उसे संभाला। वहीं महिला के इकलौते बेटे मंगू का भी अपनी मां की हालत देखकर रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों का कहना था कि उनका कार से लौटने का इरादा था लेकिन मां ने रुकने से इन्कार कर ट्रेन से बठिंडा तक जाने को कहा और कालांवाली में यह हादसा हो गया। अगर कार से घर लौट रहे होते तो यह हादसा नहीं होता।