सिरसा। स्वयं सत्यापन के तहत प्रॉपर्टी टैक्स की छूट का लाभ शहरवासी ले सके, इसको लेकर चार दिनों से प्रॉपर्टी टैक्स शाखा के कर्मचारी फील्ड में उतरे हुए हैं। कर्मचारियों को उन एरिया में भेजा जा रहा है, जिन एरिया में बड़े प्रॉपर्टीधारक बकायेदार हैं और अपना प्रॉपर्टी टैक्स भरने की इच्छा रहते हैं।
वीरवार को भी प्रॉपर्टी टैक्स शाखा बंद रही और सभी कर्मचारी सेक्टरों में प्रॉपर्टी टैक्स का स्वयं सत्यापन करवाने में जुटे रहें। हालांकि इस दौरान जिन लोगों ने ऑनलाइन ऑब्जेक्शन लगाए हुए थे, वह नगर परिषद कार्यालय में चक्कर काटते रहे। वे प्रॉपर्टी टैक्स छूट का लाभ नहीं उठा पाए।बता दें कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर प्रॉपर्टी टैक्स भरने की प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया है। ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स भरने से पहले प्रॉपर्टी मालिक को अपनी प्रॉपर्टी संबंधी दर्ज हुई जानकारी का मिलान करना होता है।
यदि प्रॉपर्टी दुरुस्त होती है तो वह ऑनलाइन स्वयं सत्यापित करेगा। जिसके बाद वह प्रॉपर्टी टैक्स भर सकता है। यदि प्रॉपर्टी दुरुस्त नहीं है और उसमें किसी प्रकार की कोई गलती या कमी है तो उसे ऑनलाइन ऑब्जेक्शन लगाना होगा। जिसके बाद प्रॉपर्टी टैक्स शाखा के अधिकारी व कर्मचारी उसे मौका निरीक्षण कर दुरुस्त करेंगे।
इन त्रुटियों के लिए लगानी पड़ती है फाइल
- मोबाइल नंबर
- प्रॉपर्टी टैक्स गलत आना।
- प्रॉपर्टी आईडी नई बनाना।
- मकान या प्लॉट का विभाजन कर आईडी बनाने।
- प्रॉपर्टी मालिक का नाम दुरुस्त करवाने।
- प्रॉपर्टी का पता दुरुस्त करवाने।
- प्रॉपर्टी का विकास शुल्क दुरुस्त करवाने।
10 कर्मचारी उतरे फील्ड में
अधिकारियों के अनुसार नगर परिषद के प्रॉपर्टी टैक्स शाखा के अनुभवी कर्मचारियों को फील्ड में उतारा गया है। चार दिनों से कर्मचारी फील्ड में हैं और लोगों की प्रॅापर्टी का स्वयं सत्यापन करवा रहे हैं। जिससे लोग अपना प्रॉपर्टी का टैक्स भर सकें। फील्ड में वे लोगों को जानकारी दे रहे हैं कि उन्हें प्रॉपर्टी टैक्स कैसे भरना है।
प्रॉपर्टी को दुरुस्त करवाने के लिए फाइल लगाई हुई थी। चार दिन से नगर परिषद के चक्कर काट रहा हूं लेकिन वहां पर कोई मिल रही नहीं रहा है। कल ईओ से बात की थी। उन्होंने किसी को भेजने को कहां था पर कोई नहीं आया था। आज दोबारा आया हूं तो वहीं हालात है। अब बार बार अधिकारी को कैसे फोन करें। ऐसे तो मैं छूट का लाभ नहीं उठा पाउंगा।
-अजय पाल सिंह, खन्ना कॉलोनी, सिरसा
प्रॉपर्टी टैक्स शाखा बंद नहीं की हुई है। सभी कर्मचारियों को स्वयं सत्यापन के लिए फील्ड में भेजा हुआ है, ताकि प्रॉपर्टी टैक्स का सत्यापन हो सके। जिससे शहरवासी प्रॉपर्टी टैक्स की छूट का लाभ उठा सके। सभी सेक्टरों में टीमों को भेजा गया है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
-अतर सिंह खनगवाल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद।