चोपटा के गांव जमाल में गिरे ओले।
चोपटा। नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में वीरवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। इस दाैरान कई गांवों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बारिश से जहां किसानों ने राहत महसूस की वहीं ओलों के कारण नरमा व कपास की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्र के कुम्हारिया, खेड़ी, रामपुरा ढिल्लों, जोड़किया, कुतियाना, बरासरी सहित कई गांवों में हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और खेतों में नमी बढ़ने से ग्वार व बाजरे की बिजाई में किसानों को राहत मिली है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों का कहना है कि इससे बंजर भूमि में भी बुवाई कार्य को गति मिलेगी।
हालांकि गांव जमाल में करीब पांच मिनट तक ओलावृष्टि हुई जिससे नरमा और कपास की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि इस समय बारिश तो फायदेमंद है लेकिन ओलावृष्टि और तेज हवाएं फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती हैं। किसान ओमप्रकाश, सुदेश कुमार, जगदीश और मोहनलाल ने बताया कि क्षेत्र में इस समय लगभग 22 हजार हेक्टेयर भूमि में नरमे की बिजाई की गई है जिस पर ओलावृष्टि का असर पड़ने की संभावना है।