संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के 28 गांवों में जिम की सौगात मिली है। इसमें से 26 जिम इनडोर व 2 जिम आउटडोर बनेंगी। प्रत्येक जिम के लिए एक लाख 18 हजार 600 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह पहल विधायक आदर्श नगर अवाम ग्राम योजना के अंतर्गत की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाना है।
ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से खेल संसाधनों की कमी महसूस की जा रही थी। युवाओं को फिटनेस के लिए शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त आवश्यकता होती थी।
अब गांव स्तर पर ही इनडोर जिम उपलब्ध होने से युवाओं को नियमित व्यायाम, बॉडी फिटनेस और शारीरिक क्षमता बढ़ाने का अवसर मिलेगा। इससे खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
योजना के अंतर्गत स्वीकृत राशि से जिम में आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इनमें ट्रेडमिल, साइकिल, मल्टी जिम मशीन, डंबल सेट, वेट प्लेट्स तथा अन्य फिटनेस उपकरण शामिल हैं। जिला खेल विभाग स्तर पर जिम के संचालन और रख-रखाव की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि उपकरणों की सुरक्षा और नियमित उपयोग सुनिश्चित हो सके।