चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में आयोजित पुरुष वर्ग की ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कुश्ती चैंपियनशिप का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर भाजपा की अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. गणेशी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता के अंतिम दिन फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन मुकाबलों में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी। समापन अवसर पर आयोजित समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
तीन दिन तक चली प्रतियोगिता में ग्रीको रोमन मुकाबलों में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक की टीम ने 68 अंक अर्जित कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, मेजबान चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी की टीम ने 57 अंक लेकर उपविजेता होने का गौरव हासिल किया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने 33 अंक लेकर तीसरे स्थान पर ही संतोष किया। उधर, फ्री स्टाइल मुकाबलों में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 74 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं, इस वर्ग में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम 56 अंकों के साथ दूसरे और दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम 33 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान करने से पूर्व उन्होंने दोनों वर्गों में हुई बाउट का आनंद भी लिया।
प्रतियोगिता के तहत 70 किलोग्राम भारवर्ग के फ्री स्टाइल मुकाबले में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के मंजीत ने चुरू विश्वविद्यालय के प्रवीण को पराजित कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के प्रतीक और कर्नाटक यूनिवर्सिटी के बसप्पा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। 97 किलोग्राम भारवर्ग में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के रेशम सिंह और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के नवनीत शर्मा के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें रेशम सिंह ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अनिल कुमार और गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर के लवप्रीत संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
ग्रीको रोमन मुकाबलों में 80 किलोग्राम भारवर्ग में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के अजीत ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के राहुल को पराजित कर पहला स्थान हासिल किया। जबकि मेजबान चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी के मनीष और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के सोनू कुमार संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। उधर, 98 किलोग्राम भार वर्ग में गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर के हरविंद्र सिंह ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के संजय को पराजित कर पहला स्थान हासिल किया। जबकि पंजाब यूनिवर्सिटी के विरेंद्र गिल और चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी के योगेश संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्यातिथि प्रो. गणेशीलाल और चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. विजय कायत ने संयुक्त रूप से विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर खेल परिषद की अध्यक्ष प्रो. मोनिका वर्मा, खेल परिषद के सचिव डॉ. ईश्वर मलिक सहित अनेक भाजपा नेता, विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रोफेसर आदि मौजूद रहे।