मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप सभी विकास कार्यों को समयावधि में पूरा करवाने व चल रहे कार्यो की समीक्षा के लिए उपायुक्त निखिल गजराज ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यो को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। गुणवत्ता पर पूरा ध्यान दिया जाए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) से राजकीय महिला कॉलेज सिरसा के भवन जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिले की अनाजमंडी, सब्जीमंडी, लक्कड़मंडी को सिरसा जिले के बाहर स्थापित करने की घोषणा पर मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने कहा कि इस पर काम शुरू हो चुका है।
एनओसी मिलते ही कार्य को तेज किया जाएगा। उन्होंने पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर), नेशनल हाईवे के अधिकारियों से डबवाली रोड से रानियां रोड , रेलवे क्रासिंग से बाल भवन रोड की मरम्मत , नाथूसरी चौपटा के बस स्टैंड, ऐलनाबाद के अंडर ब्रीज तथा तलवाड़ा खुर्द के रेलवे अंडर ब्रिज के कार्य को भी जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने महाप्रबंधक रोडवेज से कहा कि ओढ़ा में बनने वाले बस स्टैंड का कार्य शीघ्र शुरू कराएं। सिविल सर्जन से कहा कि डबवाली के सीएचसी कम सिविल अस्पताल का विस्तार का कार्य शीघ्र पूरा करें तथा कालांवाली में पीएचसी का निर्माण जल्द से जल्द करवाएं।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी डबवाली अजय कुमार, नगराधीश बिजेंद्र सिंह, महाप्रबंधक रोडवेज सुरेश कसवां, जिला राजस्व अधिकारी अमीचंद सैनी, सिविल सर्जन डा. सूरजभान कंबोज सहित जनस्वास्थ्य, बीएंडआर, सिंचाई विभाग के अधिकारी रहे।