संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डीएपी खाद व धान की फसल खरीद के चलते पूर्व विधायक अमित सिहाग ने डबवाली के एसडीएम से मिलकर किसानों व आढ़तियों को आ रहीं समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को डीएपी और धान की खरीद के लिए परेशान न करें।
पूर्व विधायक ने एसडीएम को किसानों, आढ़तियों की समस्याओं से अवगत करवाते हुए डीएपी खाद की किल्लत, धान की फसल खरीद में आनाकानी, पराली अवशेष जलाने पर केस दर्ज करने, कंडम शेड आदि से संबंधित समस्याओं को लेकर अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द से जल्द इन समस्याओं का निदान करें, ताकि किसानों व आढ़तियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
सिहाग ने कहा है कि किसानों को आगामी गेहूं व सरसों की बिजाई के लिए जरूरी डीएपी खाद बाजार में उपलब्ध नहीं है और जब थोड़ी बहुत खाद किसी दुकान पर आती है तो वहां लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। वहीं खाद के साथ किसानों को जबरदस्ती एनपीके, नैनो डीएपी, नैनो यूरिया आदि खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है जो कि अनुचित है। उन्होंने डबवाली हल्के में जरूरत के हिसाब से उपयुक्त डीएपी उपलब्ध करवाने की मांग की है।
बॉक्स
अनाज मंडी के कंडम शेडों के निर्माण की भी उठाई मांग
डबवाली अनाज मंडी के ए ब्लॉक के शेडों को सरकार ने कंडम घोषित किया हुआ है और साथ में यह भी कहा गया है कि अगर उन शैडो के नीचे काम करने के दौरान किसी मजदूर, आढ़ती या किसान के साथ कोई दुर्घटना घटित होती है तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार नहीं है। अमित सिहाग ने कहा कि इसके बावजूद सरकार की ओर से अन्य कोई उचित व्यवस्था न किए जाने के चलते किसानों, मजदूरों, आढ़तियों को इन कंडम घोषित किए गए शेडों के नीचे बैठकर मजबूरन काम करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से नए शेड लगाने की मांग की है।