संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में मंगलवार को सरसों की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। खरीद के लिए प्रशासन ने 14 केंद्र निर्धारित किए हैं। हैफेड की ओर से सरसों की सरकारी खरीद की जाएगी।
पहले दिन नमी के चलते किसान अपनी उपज लेकर मंडी में नहीं पहुंचे। हालांकि किसान अधिकारियों से नमी व अन्य जानकारी लेने के लिए पहुंचे। अब तक व्यापारियों व निजी एजेंसियों की ओर से 14719 क्विंटल सरसों की खरीद की जा चुकी है।
पिछले कुछ दिनों से मंडियों में अगेती सरसों व राजस्थान के साथ लगते क्षेत्र के किसान सरसों लेकर आ रहे थे। इसकी खरीद निजी व्यापारियों की ओर से की गई है। किसानों को खुले आसमान के नीचे सरसों न रखनी पड़े, इसके लिए शेड खाली करवा दिये हैं।
सरसों खरीद के यह है मानक
सरसों की खरीद के नियमानुसार सरसों में नमी की मात्रा 8 प्रतिशत निर्धारित की हुई है। यदि इससे सरसों में नमी होती है तो उसके बाजार में कम भाव मिलते हैं। इसलिए सरसों मंडी में ले जाने से पहले किसान अपनी सरसों की फसल को सही से सुखाकर विक्रय के लिए लेकर जाए।
मंडी में पानी, बिजली, शौचालय की व्यवस्था की जिले की मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए राज्य सरकार की ओर से मंडियों में पीने के पानी, बिजली, शौचालय सहित छाया की व्यवस्था की गई है। इन्हीं नियमों के आधार पर मार्केट कमेटी ने मंडियों व खरीद केंद्रों में व्यवस्था करवाई है।
बॉक्स
सरसों की खरीद सरकारी खरीद शुरू हो गई है। पहले दिन कोई खरीद नहीं हुई है। मंडियों में किसानाें के लिए व्यवस्था करवाई गई है, ताकि उन्हें कोई परेशान न आए। - वीरेंद्र मेहता, सचिव मार्केट कमेटी