शहर के सेक्टर 19 में बने हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में रहने वाले थेहड़ निवासियों का सरकार ने सर्वे करवाने के आदेश दिए है। हाउसिंग बोर्ड इन परिवारों के पुर्नवास के लिए इन्हें एफोर्डेबल हाउसिंग पार्टनरशिप के तहत फ्लैट दे सकता है। नप ने शुक्रवार को इनका सर्वे पूरा कर लिया और अब जल्द ही इसकी रिपोर्ट सरकार को भेज दी जाएगी। एएचपी कैटेगिरी में दो कमरे, एक किचन, एक बाथरूम शामिल होगा।
हाउसिंग बोर्ड हरियाणा ने सिरसा नगर आयुक्त को 21 जनवरी को पत्र भेजकर थेहड़ में रहने वालों परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एएचपी कैटेगरी के फ्लैट देने के लिए सर्वे करवाने के निर्देश दिए। ताकि पता चला सके कि हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में कितने परिवार रहते हैं। इसके बाद सिरसा नगर परिषद ने 23 जनवरी को सक्षम युवाओं की करीब 20 टीमें लगाकर सेक्टर 19 में हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में रहने वाले परिवारों का सर्वे शुरू किया। सर्वे में करीब 727 परिवारों को 788 फ्लैट अलॉट किए हुए हैं। परिवारों से एक सर्वे फार्म भरवाया गया, जिसमें कि उनके नाम, परिवार के सदस्य, आय का ब्योरा लिया गया। इससे पूर्व में केंद्र सरकार या राज्य सरकार द्वारा किसी आवासीय योजना का लाभ नहीं लिया गया, इसका भी शपथ पत्र दिया गया। साथ ही लोगों से उनके बैंक अकाउंट नंबर की डिटेल भी जुटाई गई।
पहले भी दिया था लोगों को मालिकाना हक देने का ऑफर
वर्ष 2019 में राज्य सरकार ने थेहड़ से हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में रहने वाले परिवारों को इसका मालिकाना हक देने के लिए कुछ कीमत निर्धारित की थी। करीब दस लाख रुपये की किश्तों में अदायगी की जानी थी, लेकिन किसी भी परिवार ने मालिकाना हक के लिए आवेदन नहीं किया। थेहड़ वालों का तर्क था कि उनके पास रुपये नहीं है। करीब चार वर्षों से हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट में रह रहे हैं।
प्रशासन ने करीब 90 एकड़ जमीन का भी भेजा हुआ है प्रस्ताव
थेहड़ का मामला अभी कोर्ट में विचारधीन है। अभी भी थेहड़ पर करीब तीन हजार परिवार रहते हैं। इनके पुर्नवास के लिए प्रशासन ने सिरसा व चोपटा खंड के करीब 12 गांवों में 80 एकड़ भूमि का चयन किया है। इनके प्रस्ताव पंचायत विभाग के पास भेजे जा चुके हैं। प्रशासन इन गांवों की जमीन पर फ्लैट बनाकर इनका पुर्नवास कर सकता है।
कोट्स
सर्वे करने के लिए सक्षम युवाओं की ड्यूटी लगाई गई थी। सर्वे पूरा हो गया है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार करके भेज दी जाएगी।
-संदीप सोलंकी, ईओ नगर परिषद सिरसा।