रेलवे स्टेशन पर बच्चों को पालियोरोधी दवा पिलाते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : Sirsa
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए गए पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को 101026 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई गई है। विभाग ने 68 फीसदी का लक्ष्य पूरा कर लिया है। वहीं सोमवार और मंगलवार को शेष रहे बच्चों को घरों में पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम पोलियोरोधी दवा पिलाएंगी। अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 717 बूथ, 44 ट्रांजिट टीम एवं 158 मोबाइल टीमें बनाई गई है। जिसमें एक लाख 49 हजार 346 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का टारगेट तय किया गया है। अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 156 सुपरवाइजर व 3028 वैक्सीनेशन बूथ मेंबर लगाए गए हैं।
कोरोना बचाव को लेकर अपनाए गए नियम
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा कोरोना नियमों की पालना भी की गई। बच्चे को लेकर पहुंचने वाले अभिभावकों ने ही बच्चों के मुंह को खोला और कर्मियों द्वारा पोलियोरोधी दवा दी गई। वहीं विभाग ने भी कोरोना नियमों की पालना को लेकर सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं। ताकि बच्चों से कर्मचारियों को और कर्मचारियों से बच्चे कोरोना संक्रमित न हो सके।
रेलवे स्टेशन पर बच्चों को पिलाई पोलियोरोधी दवा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू किए गए पल्स पोलियो अभियान के तहत विभाग के कर्मचारियों ने रविवार को रेलवे स्टेशन पर दवा पिलाने का अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व स्वास्थ्य विभाग के एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारी केवल कंबोज ने किया। अभियान के तहत युवराज एमपीएचडब्ल्यू, मंजू जीएनम, राजबाला जीएनएम भी उनके साथ थे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माता-पिता अपने पांच वर्ष आयु तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं।
रेडक्रॉस भवन में 65 बच्चों को पिलाई गई दवा
फोटो : 06
नगर परिषद के वार्ड नंबर 19 के रानियां बाजार रेडक्रास भवन में रविवार को पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक की आयु के 65 बच्चों को पोलियोरोधी दो बूंदे पिलाई गई। वार्ड नंबर 19 के पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने अभियान की शुरुआत की। वार्ड पार्षद नीतू सोनी ने बताया कि बाकी बचे हुए बच्चों को सोमवार और मंगलवार को वार्ड में घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। इस अवसर पर एएनएम रोशनी देवी, आंगनबाड़ी वर्कर रानी देवी, सामाजिक कार्यकर्ता शालिनी, सपना रानी, दीपक एवं शंतु मौजूद रहे।