शहर के रोडी रोड फाटक के नजदीक शनिवार को ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बच्ची की मौत हो गई। जबकि महिला और पुरुष घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस की सहायता से कालांवाली के सीएचसी में भर्ती करवाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में सिरसा रेफर कर दिया।
जानकारी अनुसार करीब 7 वर्षीय वनीत अपने दादा सोहन सिंह व दादी जसबीर कौर निवासी जंगीर सिंह कॉलोनी मंडी कालांवाली के साथ बाइक पर सवार होकर बाजार में सामान लेने के लिए जा रही थी। इस दौरान रोडी रोड फाटक के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बच्ची वनीत उछलकर गिर गई और ट्रक के नीचे आ गई। ट्रक की चपेट में आने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सोहन सिंह और जसबीर कौर घायल हो गए। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे को देखकर राहगीरों तुरंत कालांवाली पुलिस व एंबुलेंस को सूचित किया और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से कालांवाली के सीएचसी में भर्ती करवाया। यहां सोहन सिंह व जसबीर कौर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सिरसा के सामान्य अस्पताल में रेफर कर दिया। कालांवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारी राम कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इसके अलावा बच्ची का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया है।