संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नगर परिषद की ओर से डाकघर के पास डंपिंग प्वाइंट को बंद करने का दावा अब महज एक दिखावा बनकर रह गया है। कुछ ही दिनों में सफाई कर्मचारियों ने यहां फिर से कचरा डालना शुरू कर दिया है। बारिश के बाद कचरे के ढेर से उठ रही बदबू ने आस-पास के व्यापारियों और डाकघर में आने-जाने वालों का जीना मुहाल कर दिया है। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार डंपिंग प्वाइंट को खत्म किया जा चुका है। यहां पर कचरा किसने डाला है। इसकी जांच की जाएगी।
नगर परिषद ने जैसे ही नई एजेंसी को सफाई का ठेका दिया, वहां की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है। इससे पहले यह डंपिंग प्वाइंट बंद किया गया था, जिससे आस-पास के लोग राहत महसूस कर रहे थे, लेकिन अब फिर से कूड़ा डाले जाने से हालात पहले जैसे ही हो गए हैं।
स्थानीय व्यापारी और डाकघर के कर्मचारी इस नई परेशानी से जूझ रहे हैं। नरेंद्र कुमार, सुनील कुमार, सुमन शर्मा, प्रोमिला, अजय सिंह, सुरेन्द्र पाल, बंटी आदि लोगों ने बताया कि नगर परिषद के ही कर्मचारी यहां कचरा डालते हैं, जिसके बाद बेसहारा पशु भी कूड़े के ढेर पर जमा हो जाते हैं। यह स्थिति न केवल गंदगी और बदबू का कारण बनती है, बल्कि सड़क पर वाहनों की आवाजाही को भी खतरे में डाल देती है।
यह बाजार को जाने वाला मुख्य रोड है और बड़ी संख्या में वाहनों का यहां पर आवागमन रहता है। प्रशासन की ओर से समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
डाकघर कॉलोनी में रहने वाले लोगों की समस्या
डाकघर कॉलोनी के निवासी भी इस गंदगी के कारण परेशान हैं। उन्होंने बताया कि कूड़ा डालने के बाद कूड़ा बीनने वाले लोग भी वहां जुट जाते हैं, जिससे कॉलोनी में आवागमन कठिन हो जाता है। कुछ दिन पहले जब यह डंपिंग प्वाइंट बंद किया गया था, तो कॉलोनी वालों को राहत मिली थी, लेकिन अब पुनः वही गंदगी और समस्या वापस आ गई है।
कोट्स
डंपिंग प्वाइंट को खत्म किया जा चुका है। कूड़ा कौन डाल रहा है, इसकी जांच की जाएगी। डाकघर के पास के डंपिंग प्वाइंट पर कूड़ा डालने की स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जाएगा। - जयवीर सिंह, सीएसआई नगर परिषद
::::::::::::::::::::::::::::::::
विधायक ने रानियां रोड पर डंपिंग प्वाइंट की सफाई न होने पर एजेंसी के खिलाफ लिखा पत्र
सिरसा। रानियां रोड पर डंपिंग प्वाइंट पर सफाई के मामले में विधायक गोकुल सेतिया ने नगर परिषद प्रशासन को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से विधायक ने मांग की है कि डंपिंग प्वाइंट पर सफाई करवाई जाए। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एजेंसी के खिलाफ जुर्माना कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। विधायक ने इस पत्र को रविवार शाम को अपने सोशल मीडिया पर जारी किया है। बता दें कि रानियां रोड पर डंपिंग प्वाइंट पर सफाई को लेकर समस्या बनी रहती है। मंडी के साथ होने पर रानियां रोड पर मंडी का कचरा भी बढ़े स्तर पर डाला जाता है। वहीं, गलियों की सफाई करके भी डंपिंग प्वाइंट पर कचरा डाल दिया जाता है। जिसका उठान सुबह व शाम को एजेंसी को करना होता है। दो दिनों से उठान नहीं होने के कारण आमजन परेशान थे। वहीं, विधायक गोकुल सेतिया का आवास भी इसी रोड पर होने के कारण उनका आवागमन लगा रहता है। इसलिए इस मामले को उन्होंने गंभीरता से लेेते हुए नगर परिषद के अधिकारियों को पत्र लिखकर विभागीय कार्यवाही करने को कहां है।