सिरसा। गृह एवं राज्य मंत्री अनिल विज को धोखाधड़ी की दी शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने गांव अलीकां निवासी होमगार्ड में कार्यरत मिंटू सिंह व उसके भाई मंगत सिंह उर्फ मंगू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में फतेहाबाद के गांव मंडू निवासी रविंद्र ने बताया कि वह पढ़ाई करता है। पढ़ाई पूरा करने के लिए उसके पास आय का कोई साधन नहीं था। इस पर उसने अपने जीजा से बात की। जीजा ने कहा कि उसके पास एक व्यक्ति है, जो युवाओं को नौकरी लगवाता है। जीजा ने उक्त दोनों आरोपियों से मुलाकात करवाई। बातचीत के बाद दोनों ने कहा कि नौकरी लगवाने की एवज में उसे 1 लाख 15 हजार रुपये देने पड़ेंगे। जीजा की जान पहचान के होने के कारण उसने उक्त दोनों पर विश्वास कर लिया। उसने कुछ राशि आरोपियों के खाते में डलवा दी और कुछ नकद दे दी। दोनों होमगार्ड में थे और उसे भी होमगार्ड लगवाना चाहते थे। कुछ दिन बाद आरोपियों ने उससे 75 हजार रुपये ओर दिए जाने की मांग की और बड़े अधिकारी से सेटिंग होने का कारण बताया। उक्त आरोपी उससे बार-बार रुपयों की डिमांड करते रहे। जिससे वह तंग आ गया और उसने रुपये नहीं दिए। कुछ दिनों तक वह उक्त दोनों के पीछे नौकरी के लिए घूमता रहा। लेकिन दोनों उसे टरकाते रहे। जब उसने सख्ती से नौकरी न लगवाने पर रुपये वापस मांगे तो दोनों तैश में आ गए और जान से मारने की धमकी दे दी। जिसके बाद उसने अपने जीजा को सारी बात बताई। जीजा ने उक्त दोनों को घर बुलाया। जिसके बाद दोनों ने गलती मानते हुए कुछ दिनों में राशि लौटाने की बात कही। काफी दिनों तक राशि नहीं देने पर जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो उसे रुपये देने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दे दी। जिसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को शिकायत भेजी। मंत्री की शिकायत पर अब पुलिस ने केस दर्ज किया है। डीएसपी मुख्यालय आर्यन चौधरी ने मामले की जांच करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शहर थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक रामचंद्र मामले की जांच कर रहे हैं।