चोरी के आरोपी पुलिस हिरासत में।
- फोटो : Sirsa
जिला की शहर थाना सिरसा और सीआईए सिरसा पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए छीना-झपटी और लूटपाट के दो गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी आर्यन चौधरी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल निवासी कीर्ति नगर, रजत उर्फ राजू निवासी गरेवाल बस्ती, रोहताश निवासी वार्ड नंबर 19 डबवाली और आकाश निवासी जेजे कॉलोनी सिरसा के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में शहर सिरसा में छीना-झपटी और लूटपाट की छह वारदातें कबूल की है।
डीएसपी आर्यन चौधरी ने बताया कि आरोपी विशाल और रजत ने अन्य साथियों के साथ मिलकर शहर के आटो मार्केट क्षेत्र, बेगू रोड, सुर्खाब चौक, हुडा सेक्टर और कंगनपुर फाटक के पास छीना-झपटी और लूटपाट की पांच वारदातों को अंजाम दिया था। जबकि आरोपी रोहताश और आकाश ने शहर के डबवाली रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति से छिना-झपटी और लूटपाट की थी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों और उनके अन्य साथियों के बारे में खुलासा हो सकता है। डीएसपी आर्यन चौधरी ने बताया कि फिलहाल छिना गया मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली गई है।