कहावत है कि पैसा देखकर बड़े-बड़ों का ईमान डोल जाता है पर कुछ ऐसे भी लोग हैं जो अपनी मेहनत व ईमानदारी को सर्वोपरि मानते हैं। जिन पर पैसा भी अपना प्रभाव नहीं डाल सकता। ऐसा ही एक वाक्या नई अनाज मंडी के समीप स्थित जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के सामने कपड़े प्रैस करने वाले व्यक्ति की दुकान पर देखने को मिला। जब उसके प्रैस करने के लिए आए कपडों जिनमें हजारों रुपये की राशि थी को मालिक को लौटा दी।
जानकारी अनुसार जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के सामने वेद प्रकाश बब्बू नामक एक व्यक्ति कपड़े प्रैस करने का कार्य करता है। रविवार को ओमप्रकाश डांगी नामक व्यक्ति के कपड़े प्रैस होने के लिए उसके पास आए। जब वेद प्रकाश ने कपड़े प्रैस करने के लिए संभाले तो उन कपड़ों की जेब से करीब 35 हजार रुपये की राशि मिली। उसने उक्त राशि को अपने पास संभाल कर रख लिया। सोमवार को जब ओम प्रकाश डांगी प्रैस किए गए कपड़े लेने के लिए उसकी दुकान पर पहुंचा तो वेद प्रकाश ने ईमानदारी का परिचय देते हुए 35 हजार रुपयों की राशि ओम प्रकाश को लौटा दी। उसकी ईमानदारी देखते हुए आसपास के दुकानदारों ने उसकी खूब प्रशंसा की।