कालांवाली। जिला खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने एक शिकायत के आधार पर गांव कालांवाली में वीरवार को पहुंचकर एक आटा चक्की पर कार्रवाई की। इस दौरान विभाग की टीम ने जिला खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी डॉ. सुरेंद्र पूनिया की अगुवाई में आटा चक्की से आटे के सैंपल लिए जोकि चंडीगढ़ लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिर्पोट के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। सैंपल कार्रवाई के बाद शहर के दुकानदारों में भी हड़ंकप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके चले गए।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी डॉ. सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि गांव के ही किसी व्यक्ति ने एक आटा चक्की की शिकायत की थी। इसी के आधार पर सैंपल की कार्रवाई की गई है और आटे का सैंपल लिया गया है। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही शहर में गलत तरीके से की जा रही खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए भी सख्त कार्रवाई करेंगे। ताकि आमजन के स्वास्थ्य से कोई खिलवाड़ न कर सके।