यमुनानगर में शनिवार सुबह फिर से घना कोहरा छा गया। ठंडी हवाएं और कोहरा छाने से मौसम में ठंडक खुल गई जिसके चलते जिले का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धुंध के कारण जहां दृश्यता 20 मीटर रही, ऐसे में वाहन सड़कों पर रेंग कर चले तथा चालकों को अपने वाहनों की लाइट जलाकर गंतव्य की ओर जाना पड़ा। उल्लेखनीय है जिले में पिछले 4 दिन से लगातार धुंध के साथ कोहरा पड़ रहा है, जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें
ठंड का असर स्वास्थ्य पर भी देखा जा रहा है। सीएमओ मंजीत सिंह का कहना है कि ठंड के इस दौर में बुजुर्ग व बच्चे विशेषतौर पर एहतियात बरतें। गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें। गुनगुना पानी पिएं। बेहतर होगा यदि सैर की बजाय घर में ही हल्का व्यायाम कर लिया करें। चाय में अदरक व तुलसी डालकर पिएं। यह स्वास्थ्यवर्धक है। इन दिनों खांसी-जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।