सिरसा। पुलिस की विभिन्न टीमों ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 50 ग्राम 143 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि सोमवार को एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा ने गश्त के दौरान बरनाला रोड स्थित शक्ति नगर क्षेत्र में थी।
इस दौरान बाइक सवार शक्ति नगर सिरसा निवासी सुखप्रीत सिंह उर्फ सुखा ने पुलिस गाड़ी देखकर भागने की कोशिश की। उसे पकड़कर तलाशी लेने पर उसके पास से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसी तरह थाना शहर सिरसा की सब्जी मंडी पुलिस चौकी की टीम गश्त पर थी। टी-प्वाइंट सीएमके कॉलेज क्षेत्र में पैदल आ रहे सुभाष बस्ती सिरसा निवासी पुष्कन उर्फ बाबू ने पुलिस देखकर भागने का प्रयास किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 15 ग्राम 10 मिलीग्राम हेरोइन मिली।
कार चालक ने की भागने की कोशिश
सीआईए ऐलनाबाद की टीम हनुमानगढ़ रोड पर गश्त कर रही थी। संकट मोचन मंदिर के पास कार सवार गांव चौटाला निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ विराट ने पुलिस देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन कार बंद हो गई। तलाशी में कार के डैशबोर्ड से 8 ग्राम 94 मिलीग्राम हेरोइन और 34 हजार रुपये नकदी बरामद हुई। एक अन्य कार्रवाई में सीआईए ऐलनाबाद ने बस स्टैंड क्षेत्र से स्कूटी सवार वार्ड 14 ऐलनाबाद निवासी जगदीश चंद्र उर्फ जोनी को पकड़ा, जिसके पास से 6 ग्राम 23 मिलीग्राम हेरोइन मिली। इधर, एबीवीटी स्टाफ की टीम ने रोड़ी थाना क्षेत्र के गांव रोड़ी में वाटर वर्क्स के पास वार्ड 19 रोड़ी निवासी रेशम सिंह उर्फ रेशी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।