रानियां में सिलिंडर फटने पर पुलिस जांच करती हुई।
- फोटो : Sirsa
शहर के वार्ड नंबर 2 में शनिवार सुबह चाय बनाने के दौरान आग लगने से सिलिंडर फट गया। जिससे एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। जिसमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
वार्ड नंबर 2 के मंगल सिंह ने बताया कि उनके पड़ोस में रामू के घर सुबह साढ़े 6 बजे चाय बनाते समय पांच छोटा सिलिंडर फट गया। तेज धमाके से आस पड़ोस के मकानों के खिड़कियों के शीशे टूट गए और घर के दीवारों में दरारें आ गईं। जबकि परिवार के सदस्य गैस सिलिंडर के लोहे के टुकड़े लगने से घायल हो गए। इस घटना में परिवार के रामू पुत्र राजकुमार व उसकी पत्नी उर्मिला उम्र 30 साल, बेटा गगन उम्र 15 साल, बेटी हिमांशी उम्र 11 साल, बेटा पवन उम्र 10 साल घायल हो गए। जिन्हें पड़ोस के लोगों ने रानियां के नागरिक अस्पताल में भिजवाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरसा के लिए रेफर कर दिया गया। इसमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में जांच कर रहे पुलिस अधिकारी रामनिवास ने बताया कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई थी कि सिलिंडर फटने की वजह से घर में काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने मौके पर जाकर जायजा लिया है और उक्त व्यक्तियों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।