संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मछली पालन को प्रोत्साहन देने के लिए जिलास्तरीय समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 2025-26 के लिए 168 प्रोजेक्टों को मंजूरी दी गई।
इन प्रोजेक्टों में मछली पालन के लिए तालाब खोदाई, वातानुकूलित वाहन, आइस बॉक्स, फीड मिल और खारे पानी में झींगा पालन की योजनाएं शामिल हैं। पात्र किसानों को विभागीय अनुमोदन के बाद अनुदान भी दिया जाएगा।
जिला मत्स्य अधिकारी जगदीश चंद्र ने बताया कि सिरसा को झींगा पालन के लिए क्लस्टर के रूप में विकसित करने की योजना को भी हरी झंडी दी गई है। अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को इस योजना से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में कृषि उपनिदेशक डॉ. सुखदेव सिंह, एलडीएम संजीव गर्ग, कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉ. हरदीप सिंह, मत्स्य महाविद्यालय हिसार के वैज्ञानिक डॉ. नितेश बंसल उपस्थित रहे।
25 एकड़ में बनेगा एक्वा पार्क
जिला मत्स्य अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप सिरसा में एक्वा पार्क स्थापित करने के लिए कम से कम 25 एकड़ भूमि की जरूरत है। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव कर्मशाना की पंचायत भूमि का उपयोग एक्वा पार्क के लिए किया जा सकता है। इसके लिए ग्राम सभा का आयोजन कर सहमति ली जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने निर्देश दिए कि जिन पंचायतों के पास जमीन खाली पड़ी है, उसका उपयोग मछली पालन के लिए कर बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराया जाए।