सिरसा। किसानों की लाखों रुपये की देनदारी छोड़कर कालांवाली मंडी से एक फर्म संचालक फरार हो गया है। पहले मामले में गांव पिपली निवासी किसान सुखविंद्र सिंह ने बताया कि व्यापारी राजेश सिंगला उर्फ बोबी सिंगला की फर्म श्री श्याम ग्वार गम मिल, डबवाली रोड को उसने 31 अगस्त 2020 को 1,77,000 रुपये व 11 नवंबर 2020 को 30,000 रुपये की गेहूं बेची थी, जिसकी कुल राशि 2,07,000 रुपये बनती है। कई बार पेमेंट को लेकर राजेश सिंगला से बातचीत की, लेकिन वह बार-बार टरकाता रहा।
वहीं दूसरे मामले में गांव पिपली के ही किसान मंजीत सिंह ने बताया कि उसने मंडी कालांवाली निवासी बूथ नंबर 23, रुलिया राम-राजेश कुमार न्यू अनाज मंडी कालांवाली के श्री श्याम ग्वार गम मिल डबवाली रोड के राजेश सिंगला को 2,44,200 रुपये 01 अप्रैल 2021 को नकद दिए थे, काफी समय बीतने के बाद भी उसने पेमेंट नहीं दी और अब वह फरार हो गया है। तीसरे मामले में मंडी कालांवाली के ही राजेश कुमार ने बताया कि उसने वर्ष 2020-2021 में राजेश कुमार सिंगला उर्फ बोबी मंडी कालांवाली को चेक द्वारा 8,00,000 रुपये दिए थे और मेरी पत्नी दयावती के खाते से 2,00,000 रुपये का चेक राजेश कुमार सिंगला को कुल 10,00,000 रुपये दिए। इसके बाद शालु सिंगला पत्नी राजेश कुमार सिंगला को 10,00,000 रुपये का चेक दयावती पत्नी सोम नाथ ने दिया और 5,00,000 रुपये का चेक सोमनाथ गोयल से लिया। इन चारों चेकों की कुल रकम 25,00,000 रुपये बनती है। राजेश कुमार ने कहा कि वह जल्द पैसे लौटा देगा। लेकिन वह पेमेंट लेकर फरार हो गया। चौथे मामले में मंडी कालांवाली राजेश कुमार की माता कृष्णा देवी से चेक व आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी 25 लाख रुपये ले गया, लेकिन वापस नहीं लौटाए। कई बार उसे राशि लौटाने के लिए कहा तो वह बार-बार टरकाता रहा। अब वह पेमेंट लेकर गायब हो गया है। पुलिस ने चारों मामलों में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।