ओढ़ां। बड़ागुढ़ा पुलिस ने मारपीट कर 60 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन छीनने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में बड़ागुढ़ा निवासी अमनदीप सिंह, जगबीर सिंह, काली सिंह और मंदर सिंह सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने बड़ागुढ़ा निवासी राज सिंह शिकायत पर यह कार्रवाई की है।
जांच अधिकारी हरविंदर सिंह के अनुसार, पुलिस को दिए बयान में राज सिंह ने बताया कि उसने अमनदीप सिंह को एक कार बेची थी। कार लोन पर होने के कारण उसकी किस्तें राज सिंह के बैंक खाते से कटती थीं। कार खरीदते समय अमनदीप सिंह ने किस्तें भरने और राशि ट्रांसफर करने का वादा किया था। इसके बावजूद किस्तें राज सिंह के खाते से कटती रहीं।
राज सिंह के अनुसार उसके नाम पर कार भी लोन पर थी जिसकी किस्तें नहीं भरी जा सकीं। इसके बाद फाइनेंस कंपनी ने दोनों गाड़ियों को रोक लिया। उसने बताया कि इस विवाद को लेकर 7 अक्तूबर को दोनों पक्षों के बीच पंचायत में आपसी समझौता हुआ था।
राज सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त नेक सिंह के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद कार सवार लोगों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में बेहोश हुए राज सिंह को सिरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल का आरोप है कि हमलावर उसके पास से 60 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन भी ले गए।