सिरसा। जिले के गांव हारनी खुर्द व कुस्सर में पराली जलाने के आरोप में पुलिस ने दो किसानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों किसानों पर कुल 10 कनाल जमीन में पराली जलाने का आरोप है।
रानियां थाना पुलिस को दी शिकायत में एचएसपीसीबी सिरसा के अधिकारी आयुष गोयल ने यह जानकारी दी। गांव हारनी खुर्द में रमेश कुमार ने दो कनाल जमीन पर पराली जलाई। कृषि विभाग, पटवारी, ग्राम सचिव और सरपंच ने मौके पर पहुंचकर पराली जलाने की पुष्टि की।
इसी तरह, गांव कुस्सर में मघर सिंह पर आठ कनाल जमीन में पराली जलाने का आरोप है। जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों किसानों के खिलाफ रानियां थाना में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।