डबवाली। यातायात पुलिस सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बीते सप्ताह यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटने के साथ-साथ वाहनों, सड़क किनारे खड़े पेड़ों और आवारा पशुओं पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाई गई ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एक सप्ताह के दौरान 30 बिना नंबर प्लेट वाहन, 15 बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, 105 ओवरस्पीड, 87 शराब पीकर वाहन चलाने, 11 गलत तरीके से लेन बदलने तथा भारतमाला रोड व राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले 23 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने पर 30 और अनधिकृत लाइट का प्रयोग करने पर 15 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
वहीं, बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखा बजाकर शांति भंग करने वाले तीन वाहनों के साइलेंसर उतरवाए गए। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
कोहरे के मौसम में दृश्यता कम होने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा में रहें, फॉग लाइट और डिपर का सही उपयोग करें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। बिना आवश्यकता ओवरटेक न करें और अचानक ब्रेक लगाने से बचें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया चालक सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। सड़क किनारे खड़े वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाएं और यातायात संकेतों का पालन करें। सतर्कता और संयम से ही कोहरे में सुरक्षित यात्रा संभव है।