सिरसा। सरकारी की ओर से एक अक्तूबर से पीआर धान की एमएसपी पर खरीद प्रक्रिया शुरू की गई है। सिरसा के कई केंद्रों पर चार अक्तूबर को भी खरीद शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से अभी तक शैलर संचालकों के साथ कंट्रैक्टर न होने के कारण सरकारी खरीद नहीं हो पा रही। हालांकि सोमवार को पीआर धान की केवल प्राइवेट एजेंसियों ने एमएसपी से अधिक भाव पर खरीद की थी।
मंडियों में अभी तक एक हजार 35 क्विंटल पीआर धान की खरीद हो पाई है, जोकि निजी शैलरों की तरफ से खरीदी गई है। दी आढ़तियान एसोसिएशन के पूर्व महासचिव कश्मीर चंद कंबोज ने कहा कि मंडियों में किसान फसलें लेकर आ रहे हैं, लेकिन सरकार की तरफ से खरीद शुरू नहीं की गई है, जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दड़बी के किसान भजनलाल, जगदीश लाल व रणजीत सिंह ने बताया कि वे मंडी में परमल धान लेकर आए हैं, लेकिन कोई खरीद नहीं हुई। सरकार को चाहिए कि किसान के हितों की तरफ ध्यान दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार व खरीद एजेंसियों ने मंडी में आई धान व नरमे की फसल को नहीं खरीदा तो हम संघर्ष करने पर मजबूर होंगे।
मंडी में अब तक हुई खरीद
उपज क्विंटल
धान पीआर 1035
1509 धान किस्म 3473
डीबी 30
नरमा 62750
खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कई शैलर अभी अलॉट होना शेष है। जल्द ही शैलरों को अलॉट कर खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। - कप्तान सिंह, डीएफएसओ।