संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पहाड़ों में हुई बारिश के चलते घग्गर नदी में पानी आ गया है। घग्गर में इस समय 500 क्यूसेक पानी बह रहा है। कम पानी होने के कारण घग्गर ने निकलने वाली 10 नहरों में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इसके चलते किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घग्गर में 2 हजार से 2500 क्यूसिक पानी आए तो नहरों में भी पानी की कमी पूरी हो सकती है।
घग्गर नदी में पानी आने से इसके तटवर्ती इलाकों के किसानों को राहत मिली हुई है। इस बार मानसून पूरी तरह से सिरसा पर मेहरबान नहीं रहा। जिले में घग्गर नदी की शुरुआत गांव मुसाहिबवाला से होती है। घग्गर से जिले में शोरावाली माइनर, एनजीसी ऑनलाइन, एनजीसी लाइन, नार्थ घग्गर कैनाल, मंगला माइनर, कसाबा माइनर, नॉर्थ घग्गर कनाल सहित कुछ छोटी नहरें शामिल हैं।
4 नहरों की क्षमता है 400 क्यूसेक की : घग्गर से निकलने वाली जिले की 4 नहरों की क्षमता 600 क्यूसेक तक है। इसके अलावा 4 नहरों की क्षमता 250-250 क्यूसेक व दो नहरों की क्षमता 90 से 10 क्यूसेक की है। पिछले साल बाढ़ आई थी तो इन नहरों से पानी निकाला गया था। इस बार घग्गर में बारिश का पानी तो आ रहा है, लेकिन यह इतना अधिक नहीं है कि इन नहरों में पानी आ सके।
घग्गर में बारिश का पानी तो आ गया है और फिलहाल 500 क्यूसेक पानी चल रहा है। घग्गर की ओटू झील से 10 नहरें निकलती हैं, लेकिन इस बार पानी काफी कम है, जिस कारण इन नहरों में पानी नहीं आ रहा है। फिलहाल बाढ़ की कोई संभावना दिखाई नहीं दे रही है, लेकिन फिर भी विभाग पूरी तरह से तैयार है। - अजीत हुड्डा, कार्यकारी अभियंता, घग्गर ब्रांच, सिंचाई विभाग।