सिरसा। भारतीय किसान एकता बीकेई ने किसानों की मांगों व समस्याओं को लेकर अपने वाहनों पर नेहरू पार्क से विभिन्न बाजारों से होते हुए लघु सचिवालय तक रोष मार्च मार्च निकाला। इस दौरान किसानों ने ब्लॉक लेवल पर बीमा कंपनी अपने दफ्तर खोलने और बैंकों में भी किसान सुविधा केंद्र खोले जाने की मांग की।
बीकेई मीडिया प्रभारी गुरलाल भंगू व प्रधान लखविंद्र सिंह औलख ने बताया कि जत्थेबंदी ने बकाया बीमा क्लेम व मुआवजा 2020-21 के शीघ्र भुगतान, बारिश के कारण बर्बाद फसलों की स्पेशल गिरदावरी, नए ट्यूबवेल कनेक्शनों पर सरकार की सिफारिश की गई मोटर की शर्त हटाने व बिजली पानी की समस्याओं के समाधान करवाने के लिए जिला प्रशासन का मांग पत्र सौंपा। लखविंद्र सिंह औलख ने कहा कि जब बीमा कंपनी किसानों से बीमा प्रीमियम काटती है तो एक ही बटन के साथ पूरे प्रदेश के किसानों के खातों से राशि काट लेती है तो फिर किसानों को खराब फसलों के बीमा क्लेम के भुगतान के लिए दर-दर ठोकरें खाने के लिए मजबूर क्यों किया जाता है। पहले से फसलों के उचित दाम न मिलने से टूटे हुए परेशान किसान को बैंक वाले, कृषि विभाग और विभाग वाले बैंकों के चक्कर कटवाते रहते हैं। इसको देखते हुए उन्होंने यह भी मांग रखी कि ब्लॉक लेवल पर बीमा कंपनी अपने दफ्तर खोले और बैंकों में भी किसान सुविधा केंद्र खोले जाएं, जहां किसान आसानी से अपने बीमे या मुआवजे का पता लगा सके।
ये है किसानों की मुख्य मांगे
बीमा राशि के भुगतान की तिथि भी निर्धारित की जाए।
रेतीली जमीनों में होने वाली फसलों ग्वार, मूंगी, मूंगफली आदि फसलों को भी बीमा क्लेम स्कीम के दायरे में लाया जाए।
जिन किसानों की बैंकों में लिमिट न होने या अन्य कारणों से बीमा प्रीमियम नहीं कटवा पाते, उनके खेतों की स्पेशल गिरदावरी करवाकर खराब फसलों का मुआवजा राशी जारी किया जाए।
सभी माइनरों की खुदाई व सफाई करवाई जाए, ताकि टेलों तक आसानी से पानी पहुंच सके।
जिला की समस्याओं को जल्द हल करवाने व प्रदेश लेवल की उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन
समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने सीटीएम, एसडीएम, डीआरओ सहित बिजली विभाग, सिंचाई विभाग, कृषि विभाग, काढ़ा विभाग व बीमा कंपनी के अधिकारियों को किसानों के बीच बुलाया। औलख ने संबंधित अधिकारियों के सामने किसानों की समस्याएं रखी। अधिकारियों ने जिला लेवल की समस्याओं को जल्द हल करवाने और प्रदेश लेवल की समस्याओं को अपने उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। कृषक बीमा कंपनी के राज्य क्षेत्रीय अधिकारी के साथ जल्द ही बीकेई की मीटिंग होगी। इस मौके पर भंगू, मोरीवाला, साहुवाला, रघुआना, मलिकपुरा, वैदवाला, शमशाबाद पट्टी, बेगू, कंगनपुर, डिंगमंडी, फग्गू, रोड़ी, प्रतापनगर, बूढ़ीमेड़ी, हिमायुखेड़ा, रत्ताखेड़ा, मैहनाखेड़ा, नकौड़ा, केसुपुरा आदि गांवों के किसान मौजूद रहे।