बाबा भूमण शाह चौक के समक्ष कृषि मंत्री जेपी दलाल का पुतला फूंकते किसान।
- फोटो : Sirsa
कृषि मंत्री जेपी दलाल द्वारा किसान आंदोलन में मारे गए किसानों पर दिए गए विवादित बयान पर किसान में आक्रोश हैं। किसानों ने रविवार शाम को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास के समक्ष कृषि मंत्री का पुतला फूंका तो वहीं भावदीन टोल प्लाजा पर किसानों ने कृषि मंत्री जेपी दलाल के पुतले की शवयात्रा निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रविवार शाम को किसान शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में पक्का मोर्चा धरनास्थल पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बरनाला रोड स्थित बाबा भूमण शाह चौक पर पहुंचे। यहां पर किसानों ने कृषि मंत्री द्वारा दिए गए बयान की निंदा की और पुतला फूंका। वहीं भावदीन टोल प्लाजा पर चल रहे किसानों के धरने पर किसानों ने कृषि मंत्री के पुतले की शवयात्रा निकाली और रोष प्रकट किया। किसान नेता बाबा गुरदीप सिंह ने कहा कि पहले किसान प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और बिजली मंत्री का पुतला फूंकते रहे हैं, लेकिन अब पहली बार किसानों को कृषि मंत्री का पुतला फूंकने पर मजबूर होना पड़ रहा है। कृषि मंत्री द्वारा दिया गया बयान देश के अन्नदाता के लिए अपमान है। जोकि बेहद निंदनीय है। वहीं लखविंद्र सिंह अलीकां ने कहा कि बेशक कृषि मंत्री ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है, लेकिन उन्हें बोलने से पहले सोचना चाहिए था। कृषि कानूनों के खिलाफ कड़ाके की ठंड की परवाह किए बिना लाखों किसान आंदोलन कर रहे हैं और कृषि मंत्री इस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं, जो बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर सुखविंद्र सिंह धर्मपुरा, गुरमंगत सिंह वैदवाला, कामरेड जगमेल कौर व अन्य किसान नेता मौजूद रहे।
किसानों के प्रदर्शन के दौरान तैनात रहा भारी पुलिस बल
उपमुख्यमंत्री आवास के समक्ष किसानों द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान यहां पर भारी पुलिस बल तैैनात रहा। मंत्री के आवास की तरफ जाने वाले दोनों रास्तों पर बैरिकेड लगा दिए। वहीं यातायात व्यवस्था को कायम रखने के लिए रोड को डायवर्ट भी कर दिया गया।