सिरसा। ऐलनाबाद के वार्ड 12 में एक बंद मकान से चोर 23 हजार रुपय, लाखों रुपये के आभूषण व कुछ अन्य सामान चोरी कर ले गए। शनिवार दोपहर को परिजन जब घर आए तो देखा की कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया और तथ्य जुटाए।
पुलिस को दिए बयान में वार्ड 12 निवासी महिला सुमन ने बताया कि उसका बेटा पिछले 15 दिनों से बीमार है। उसका सिरसा के नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। वो और उसका पति दोनों घर के कमरों व मेन गेट को ताले लगाकर बेटे के साथ ही अस्पताल में रह रहे है। 26 सितंबर को पति नरेंद्र घर आकर संभालकर गए थे। उस वक्त सब कुछ सही था। इसके बाद किसी दिन चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर के कमरों के ताले तोड़कर 23 हजार रुपये, सोने की दो अंगूठी, 2 जोड़ी सोने के टॉपस, 1 जोड़ी सोने की कनौती, 2 सोने की चेन, 3 सोने के लॉकेट, मोटरसाइकिल की बैटरी व पेट्रोल निकालकर ले गए। शनिवार जब वे घर लौटे तो मेन गेट खोलकर अंदर गए तो देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा है। सामान संभाला तो उपरोक्त सामान गायब था, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।