सिरसा। पिछले एक साल से भी अधिक लंबे समय से गांव मट्टदादू में जोहड़ों की खुदाई का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। सरपंच प्रतिनिधि रणदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से कुछ समय पहले तक ई-टेंडरिंग के माध्यम से गांवों में विकास कार्य करवाए जाने का सिलसिला आरंभ किया गया था। मगर ठेकेदारों की लापरवाही से इस प्रणाली के माध्यम से करवाए जाने वाले कार्यों को अधूरा छोड़ दिया गया है।
रणदीप ने कहा कि उनके गांव में पिछले एक साल से भी अधिक समय से जोहड़ों की खुदाई के कार्य को अधूरा पड़ा है। ग्राम पंचायत की ओर से बार-बार ठेकेदार एवं संबद्ध अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट किए जाने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गांव में जोहड़ की खुदाई के लिए बनाए गए गड्ढों में कभी भी कोई हादसा हो सकता है। यदि कोई अप्रिय घटना घटती है तो उसके लिए सीधे तौर पर संबंधित ठेकेदार एवं संबद्ध विभाग जिम्मेदार होगा।