सिरसा। रानियां रोड पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे परिवार में मामूली बात पर हुए झगड़े के दौरान छाती में चाकू से वार कर चचेरे भाई की हत्या कर दी गई। घटना के दौरान मौके पर बीच-बचाव करने आए मृतक के बड़े भाई पर भी आरोपी ने वार किए। इसमें उनके हाथ पर भी चोट लगी है। वारदात के बाद आरोपी चचेरा भाई मौके से फरार हो गया।
वारदात की सूचना मिलने पर सब्जी मंडी चौकी पुलिस प्रभारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता और भाई की शिकायत पर आरोपी चचेरे भाई के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के भाई गुरप्रीत ने पुलिस को बताया कि उनका मकान रानियां चुंगी पर सुखीजा पेट्रोल पंप के पास है। पेंटर का काम करने वाला उनका छोटा भाई हरप्रीत उर्फ टोनी शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे घर से बाहर गया था। उनके घर के पास एक व्यक्ति भेलपुरी का सामान बेचता है। जहां टोनी की सुमित के साथ किसी बात पर बहस होने लगी। आवाज सुनकर उनके ताऊ का लड़का अर्शदीप उर्फ आशु भी वहां पहुंच गया।
बात बढ़ने पर आशु भी टोनी भी उलझ पड़ा। बाहर शोर-शराबा होता देख दोनों के परिजन भी बाहर आए तो हरप्रीत ने अपने भाई टोनी को वहां से हटा दिया। आरोपी आशु को उसके पिता बलजिंद्र घर ले जाने लगे। उसी दौरान उनसे छूटकर आरोपी आशु ने टोनी पर चाकू से वार कर दिए। हरप्रीत के अनुसार आशु ने भेलपुरी वाले की रेहड़ी से तेजधार चाकू उठाकर कई वार किए।
गुरप्रीत के अनुसार आशु को रोकने के लिए जब उसने हाथ आगे किया तो आरोपी ने उस पर भी वार किए। आरोपी आशु ने एक साथ कई वार कर दिए। इस कारण उसका हाथ नीचे हो गया। गुरप्रीत ने बताया कि इसी दौरान आरोपी अर्शदीप उर्फ आशु ने टोनी की छाती पर चार वार किए। इस कारण वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया।
वारदात के बाद आरोपी आशु घटना स्थल से फरार हो गया। मौके पर मौजूद परिजनों ने टोनी को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी ने परिजनों को दिया आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह डीएसपी, सिटी थाना प्रभारी और सीन आफ क्राइम की टीम भी अस्पताल पहुंची। वहां उन्होंने मृतक के परिजनों से बात कर आरोपी आशु को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मादक पदार्थ बेचने में जेल जा चुका आरोपी और उसका पिता
मृतक के भाई गुरप्रीत और मामा जसविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी आशु और उसका पिता बलजिंद्र सिंह पिछले काफी सालों से शहर में नशीला पदार्थ बेचते हैं। अर्शदीप और उसके भाइयों ने कई बार आरोपी को ऐसा न करने के लिए कहा। इसी कारण उनके बीच कई बार कहासुनी भी हुई। बलजिंद्र पहले एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है जबकि आरोपी अर्शदीप पर झगड़े सहित एनडीपीएस का मामला भी दर्ज है।