संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। भूपेंद्रा गैस एजेंसी पर मंगलवार को जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी के सामने ही अतिरिक्त पैसा लेने का मामला गर्मा गया है। अमर उजाला के एक अप्रैल के अंक में इस खबर को प्रकाशित किया गया था। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने संज्ञान लिया है।
उपायुक्त ने डीएफएससी को निर्देश दिए हैं कि वे इस मामले में गैस एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें। जिले में उपभोक्ताओं को होम डिलिवरी की सुविधा भी समय पर मिले।
वहीं, भारत गैस की सप्लाई देने वाली भूपेंद्रा गैस एजेंसी पर जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने देर शाम तक रिकॉर्ड खंगाला। उनकी कार्यप्रणाली की मॉनिटरिंग की। मार्च माह के पूरे बुकिंग सप्लाई की जांच की और रिकॉर्ड अपने पास जब्त किया है। मंगलवार को हुए पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। उसके बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई हो सकती है।
पूरे मामले की होगी जांच : गैस एजेंसी पर जिन लोगों के साथ विवाद हुआ था, उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। उनसे जाना जाएगा कि मंगलवार दोपहर को क्या-क्या घटित हुआ था और एजेंसी प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाया गया था। किन कर्मचारियों ने उनके साथ बदसलूकी की थी। इसी आधार पर जांच के तथ्यों को जुटाकर एक ठोस कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
सूत्रों की मानें तो एजेंसी प्रबंधन की ओर से तर्क दिया गया है कि जिस दौरान कर्मचारी ने पैसा ज्यादा ले लिया था। उस समय विवाद की स्थिति बनी हुई थी। अहम बात यह है कि एजेंसी के जिस क्षेत्र में गैस सप्लाई होती है और कैश काउंटर लगा हुआ है। वहीं, सीसीटीवी भी लगे हुए हैं। सीसीटीवी में सारा वाकया कैद हो चुका है। ऐसे में विभाग के अधिकारी सीसीटीवी के आधार पर मौजूदा समय के हालात जांच सकते हैं।