रानियां क्षेत्र में गली में कब्जा कर बनाए मकानों को तोड़ा।
रानियां। ग्राम पंचायत भूना की पंचायती गली पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन ने सोमवार को अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 6 मकानों को तोड़ा जबकि कुछ अन्य कब्जों पर कार्रवाई अभी शेष है। संबंधित परिवारों ने गली की भूमि खाली करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 16 फीट 30 इंच चौड़ी गली 10 से अधिक घरों के बीच से गुजरती है। पिछले दो वर्षों से गली पर कब्जे होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। एसडीएम के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं पशु चिकित्सक बसंत कुमार के नेतृत्व में कब्जा हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान एसईपीओ सुरजीत सिंह, पटवारी महेंद्र सिंह, ग्राम सचिव संतोष कुमार, सरपंच प्रतिनिधि सुभाष चंद्र, एएसआई देवेंद्र सिंह, पुलिस बल मौजूद रहा।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि पंचायत भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह कार्रवाई की गई है। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि शेष कब्जों को हटाने के लिए आगामी दिनों में दोबारा कार्रवाई की जाएगी।