सिरसा। शिक्षा विभाग की ओर से प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता का आंकलन करने के लिए इस वर्ष बेस लाइन सर्वे करवाया जाएगा। इस सर्वे के लिए चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) के शिक्षा विभाग से 22 बीएड विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थी 55 सरकारी स्कूलों में जाकर पहली, दूसरी और तीसरी कक्षा के बच्चों का मूल्यांकन करेंगे।
इस कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए चयनित विद्यार्थियों को विभाग की ओर से विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह ट्रेनिंग 13 और 14 अक्तूबर को टैगाेर भवन में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बताया जाएगा कि किस प्रकार बच्चों का मूल्यांकन करना है और किस आधार पर रिपोर्ट तैयार की जानी है।
विभाग देगा मूल्यांकन टूल
सर्वे के लिए शिक्षा विभाग की ओर से एक विशेष टूल (मूल्यांकन प्रश्नावली) तैयार किया गया है। विद्यार्थियों को इसी टूल के माध्यम से बच्चों की भाषा, गणित और समझ से संबंधित क्षमताओं का मूल्यांकन करना होगा। मूल्यांकन पूरा होने के बाद विद्यार्थी अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन विभाग को जमा करवाएंगे।
-
ऑनलाइन पोर्टल पर होगा डेटा अपलोड
शिक्षा विभाग ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए इसे ऑनलाइन किया है। विद्यार्थी स्कूल में मूल्यांकन के बाद उसी दिन डेटा पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इससे विभाग को तुरंत जानकारी मिल सकेगी कि बच्चों की सीखने की स्थिति क्या है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।
मिलेगा मानदेय और प्रमाणपत्र
बेस लाइन सर्वे में शामिल विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग की ओर से 800 रुपये प्रतिदिन मानदेय दिया जाएगा। सर्वे पूरा करने के बाद विभाग सभी विद्यार्थियों को भागीदारी का प्रमाण पत्र भी प्रदान करेगा, जो भविष्य में उनके शिक्षण अनुभव में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
विश्वविद्यालय को भेजा गया ऑनलाइन फॉर्म
शिक्षा विभाग की ओर से चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग को एक ऑनलाइन फाॅर्म भेजा गया है, जिसमें विद्यार्थियों की सूची मांगी गई है। विभागाध्यक्ष ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थियों से आवेदन मांगे गए थे, जिनमें से योग्य विद्यार्थियों का चयन किया गया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि बेस लाइन सर्वे से यह पता चलेगा कि पहली से तीसरी कक्षा तक के विद्यार्थी किन विषयों में मजबूत हैं और किन विषयों में अतिरिक्त सहयोग की जरूरत है। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे विशेष कक्षाएं और प्रशिक्षण योजनाएं तैयार की जाएंगी।
-
इस प्रकार से होगा जिले में आंकलन
खंड का नाम, स्कूलों की संख्या
- बडागुढ़ा, 6
- डबवाली, 12
- ऐलनाबाद, 7
- चोपटा, 6
- ओढां, 2
- रानियां, 13
- सिरसा, 9
-
शिक्षा विभाग की ओर से प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता का आंकलन करने के लिए बेस लाइन सर्वे करवाया जाएगा। इसके लिए चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद उनकी विद्यार्थियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। यह सीडीएलयू के टैगोर भवन में 13 व 14 अक्तूबर को आयोजित होगा। -
डॉ. कपिल देव, जिला कोऑर्डिनेटर, एफएलएन, सिरसा।